हजारीबाग: निजी नर्सिंग होम संचालकों को जन्म-मृत्यु निबंधन का दिया गया प्रशिक्षण


 हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार 23 अक्टूबर को नगर निगम सभागार, हजारीबाग में नगर निगम क्षेत्र के सभी निजी नर्सिंग होम के संचालकों के लिए जन्म एवं मृत्यु निबंधन प्रक्रिया पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक नगर आयुक्त-सह-निबंधक (जन्म-मृत्यु), नगर निगम, हजारीबाग ने की।

प्रशिक्षण के दौरान निजी नर्सिंग होम संचालकों को सीआरएस (CRS) पोर्टल के माध्यम से अस्पतालों में होने वाले जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं की ऑनलाइन रिपोर्टिंग करने की जानकारी दी गई। साथ ही, हॉस्पिटल आईडी का उपयोग कर घटनाओं का निबंधन करने और संबंधित लाभुकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई।

जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के सहायक निदेशक ज्ञानचन्द महतो ने ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने निजी नर्सिंग होम संचालकों को जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं का समय पर ऑनलाइन निबंधन सुनिश्चित करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु), हजारीबाग मुलीन मराण्डी, संकलक रितेश कुमार, लिपिक धीरज कुमार, पंकज भारद्वाज, अमरनाथ गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।