हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल रविवार को रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। नवरात्र के अवसर पर लगातार तीसरे दिन उन्होंने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल रामगढ़ जिले के छत्तर मांडू, नोवाडीह, गोला और मारंग मरचा पहुंचे। गोला और मारंग मरचा में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा मंदिर की ओर से आयोजित पूजा उत्सव में शामिल होकर उन्होंने मां भगवती के चरणों में शीश नवाया। उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे के क्रम में सांसद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास भी पहुंचे। यहां उन्होंने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की धर्मपत्नी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
