हजारीबाग में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, बड़ा बाजार महासमिति का भव्य काल्पनिक पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र

 


हजारीबाग। दुर्गा पूजा को लेकर हजारीबाग में उत्साह का माहौल बनने लगा है। इसी कड़ी में बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से इस वर्ष भव्य काल्पनिक पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल में माता रानी के दर्शन और पूजा के दौरान आयोजित होने वाले धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इसी क्रम में महासमिति की ओर से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र सौंपकर पूजा कार्यक्रमों में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार, महापौर अरविंद राणा और उपमहापौर अविनाश कुमार यादव समेत कई अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।

महासमिति की ओर से इस वर्ष पूजा के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को पूजा पंडाल के समीप दरिद्र नारायण सेवा का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 16 अक्टूबर को शाम छह बजे से डांडिया कार्यक्रम आयोजित होगा। सप्तमी तिथि से श्रद्धालुओं के लिए माता रानी के दर्शन की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

महासमिति का कहना है कि दुर्गा पूजा केवल आस्था और परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से पूजा के दौरान सेवा कार्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

महासमिति ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों से पूजा पंडाल में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आमंत्रण पत्र सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में महासमिति के कोषाध्यक्ष पवन रावत खंडेलवाल, महासचिव प्रमोद खंडेलवाल और सहसंयोजक एवं मीडिया प्रभारी रितेश खंडेलवाल शामिल थे।