हजारीबाग। शारदीय दुर्गा पूजा के शुभारंभ के अवसर पर सदर प्रखंड के ओरिया गांव में रविवार को भव्य जल कलश यात्रा निकाली गई। सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति, ओरिया की ओर से आयोजित इस यात्रा में 251 महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने कलश लेकर भाग लिया। इस वर्ष महासमिति दुर्गा पूजा की 51वीं वर्षगांठ मना रही है।
कलश यात्रा से पहले शिवमंदिर परिसर में आचार्य संजय पांडेय एवं सौराज पांडेय ने विधिवत संकल्प कराया। इसके बाद श्रद्धालु माथे पर ‘जय माता दी’ की पट्टी धारण कर आकर्षक कलश के साथ मां भगवती के जयकारे लगाते हुए यात्रा पर निकले। श्रद्धालुओं ने शिवमंदिर परिसर स्थित कुएं से जल लेकर गाजे-बाजे के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया।
इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। ग्रामीणों ने कलश यात्रियों का उत्साहवर्धन किया और मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। गांव का भ्रमण करने के बाद श्रद्धालु दुर्गा पूजा मंडप पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापना के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ।
51वें वर्ष में पहुंची महासमिति
सार्वजनिक दुर्गा पूजा महासमिति, ओरिया इस वर्ष अपनी स्थापना के 51वें वर्ष का उत्सव मना रही है। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।
मौके पर महासमिति के अध्यक्ष पंकज कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार दास, उपाध्यक्ष बासुदेव साव, राजेंद्र शर्मा, रितेश कुमार सिन्हा, दीपक कुमार, सुधीर यादव, महासचिव कौलेश्वर साव, उप सचिव रंजीत यादव, हरेन्द्र कुमार गुप्ता, संतोष कुमार पासवान, निरंजन यादव, आशीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान, उप कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी विजय यादव सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।
