हजारीबाग। चरही रोड पर हुए टेम्पो हादसे में घायल वेटरों का हाल जानने के लिए समाजसेवी एवं युवा नेता विक्की कुमार धान मंगलवार को अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्ध भोज कार्यक्रम में वेटर के रूप में काम करने गए लोग लौटने के दौरान चरही रोड पर टेम्पो दुर्घटना के शिकार हो गए। इस हादसे में कटकमदाग प्रखंड के खपरियावां पंचायत अंतर्गत अंबेडकर नगर निवासी मनीष कुमार दास, पिता ज्ञानी राम, और कटकमसांडी प्रखंड के असधीर निवासी सुरेंद्र कुमार दास, पिता गौरी दास, घायल हो गए। सुरेंद्र कुमार दास की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल में घायलों के परिजनों से बातचीत के दौरान विक्की कुमार धान ने उनकी परेशानियों को समझा। उन्होंने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्यों के घायल होने से इलाज के खर्च और रोजी-रोटी को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे समय में पीड़ित परिवारों को केवल सांत्वना नहीं, बल्कि वास्तविक सहायता की जरूरत है।
इस मामले को लेकर विक्की कुमार धान ने हजारीबाग झामुमो जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया से दूरभाष पर बातचीत की और पीड़ित परिवारों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
विक्की कुमार धान ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ संकट के समय लोगों के साथ खड़ा होना है। उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवारों की मदद करें, ताकि घायलों का समुचित इलाज हो सके और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को सहायता दिलाने के लिए वे अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
