सिलवार में राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन, 800 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 


हजारीबाग के सिलवार स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय ‘स्वर्गीय मिलिता टुडू मेमोरियल 8वीं सब-जूनियर एवं 12वीं सीनियर/जूनियर राज्य स्तरीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता-2026’ का शनिवार को फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के 16 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया और बालक-बालिका वर्ग के सीनियर एवं जूनियर खिलाड़ियों समेत 800 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का आयोजन थ्रोबॉल एसोसिएशन हजारीबाग की ओर से किया गया। मुकाबलों के संचालन के लिए झारखंड और बिहार के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने निर्णायक और रेफरी की जिम्मेदारी संभाली।

फाइनल मुकाबलों और समापन समारोह में हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सह युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मैदान पहुंचने पर उनका पारंपरिक आदिवासी नृत्य और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए हर्ष अजमेरा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं सिर्फ जीत और हार तक सीमित नहीं हैं। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जिला स्तर पर कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित अवसर और मंच मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने बताया कि हजारीबाग में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास जारी हैं। आने वाले समय में ‘खेलो इंडिया’ के तहत हजारीबाग में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित कराने की दिशा में काम चल रहा है। वहीं दिसंबर में रांची में 17 देशों की भागीदारी वाली अंतरराष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता प्रस्तावित है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया।

फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार और मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। वहीं विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर ट्रॉफी प्रदान की गई।

समापन समारोह में थ्रोबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।