दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान, उपायुक्त हेमन्त सती ने दिए सख्त निर्देश

 


उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभाग के राजस्व संग्रहण, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और दुर्गा पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 261 करोड़ रुपये के एमजीआर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 98 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण किया जा चुका है।

उपायुक्त ने जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि होटल और अन्य प्रतिष्ठानों में बिना वैध अनुमति शराब परोसे जाने की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए नियमित जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

दुर्गा पूजा को देखते हुए उपायुक्त ने पूजा तक अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। वहीं, सहायक आयुक्त उत्पाद ने अभियान और जांच को प्रभावी बनाने के लिए महिला बल की उपलब्धता का अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त ने आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया।

बैठक में शराब की ओवर प्राइसिंग पर पूरी तरह रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों को नियमित जांच और निगरानी के जरिए निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा चोरदाहा स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर नियमित और प्रभावी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि अवैध शराब के अंतरराज्यीय आवागमन पर नियंत्रण रखा जा सके।

बैठक में सहायक आयुक्त उत्पाद सहित उत्पाद विभाग के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।