हजारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दारू प्रखंड के हरली गांव में छापेमारी की।
छापेमारी हरली गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद के मकान में की गई। कार्रवाई के दौरान परिसर से बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग के अनुसार, कुल 2198 लीटर शराब यानी 251 पेटी जब्त की गई है।
बरामद शराब में रॉयल चैलेंज, रॉयल मेंशन गोल्ड, पाब्लो, ओल्ड मॉन्क, ऑफिसर चॉइस और रॉयल स्टैग जैसे ब्रांड के नाम वाली शराब शामिल है।
जांच और पूछताछ के दौरान उत्पाद विभाग ने श्रवण सुंडी और दारू प्रखंड के रामदेव खरिका निवासी धनेश्वर महतो को मामले में मुख्य अभियुक्त के रूप में चिन्हित किया है। विभाग के मुताबिक, छापेमारी के समय दोनों मौके पर मौजूद नहीं थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों ने लक्ष्मण प्रसाद का मकान किराए पर लेकर कथित तौर पर अवैध शराब से जुड़ी गतिविधि संचालित की थी।
मामले में मकान मालिक लक्ष्मण प्रसाद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब को जब्त कर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार बताए जा रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई जारी है।
छापेमारी अभियान सहायक उत्पाद आयुक्त के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में श्री कुलदीप कुमार, श्री अभिषेक कुमार समेत उत्पाद विभाग के अन्य कर्मी शामिल रहे।
जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
