शहर के बिहार दुर्गा स्थान से करीब 20 गज की दूरी पर स्थित नवनिर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा अभी बाकी है। इसी क्रम में आयोजित भजन संध्या में बाबा श्याम के स्वरूप की तस्वीर को ससम्मान स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
शशिकांत मिश्रा ने वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। यजमान के रूप में अभिषेक चौधरी और उनकी धर्मपत्नी खुशबू चौधरी शामिल रहीं। पूजा के बाद बाबा श्याम की भव्य ज्योत प्रज्वलित की गई। ज्योत प्रज्वलित होते ही मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हुआ। ढलती शाम के साथ मंदिर परिसर में श्याम भक्तों की भीड़ जुटने लगी। मुख्य गायक वीरेंद्र गर्ग उर्फ बिट्टू बिहारी ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति में झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘आओ श्याम, आओ मेरे घर पधारो’ सहित बाबा श्याम के कई भजनों की प्रस्तुति दी।
वहीं रामगढ़ से पहुंचे नंदू शर्मा ने भी बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी भक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। दोनों गायकों की प्रस्तुतियों के दौरान कई बार पूरा परिसर जय श्री श्याम के जयघोष से गूंज उठा।
भजन संध्या में शामिल श्रद्धालुओं में हजारीबाग में बाबा श्याम के भव्य मंदिर के निर्माण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। नवनिर्माणाधीन मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की प्रज्वलित ज्योत के समक्ष आस्था प्रकट करते हुए मंदिर निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
भक्ति, आस्था और जयकारों से सराबोर यह भजन संध्या श्याम भक्तों के लिए विशेष रही। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा से पहले आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं में आगामी समय में मंदिर के भव्य स्वरूप को लेकर उत्सुकता और उत्साह बढ़ा दिया।
