हजारीबाग। जिले के दारू अंचल में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सत्यम स्टोर से करीब 65 लीटर और एम.बी. मार्ट से करीब 6 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद हुई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने मौके पर ही लगभग 71 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक नष्ट करा दी।
उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने सत्यम स्टोर, एम.बी. मार्ट, विजय स्टोर, यादव जी बेकरी, गुप्ता स्वीट्स समेत अन्य ठेला-खुमचा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को पाई गई कमियों को दूर करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 14 दिनों का समय दिया है। साथ ही, खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी दुकानदारों और खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। साथ ही, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की बिक्री किसी भी परिस्थिति में नहीं करने की हिदायत दी गई है।
इस निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमरीश पांडे, नवेद अंजुम, श्वेता त्रिपाठी सहित सूरज कुमार और धनेश्वर कुशवाहा शामिल थे।
