हजारीबाग में 11 रुपये में मिलेगी छठ पूजा की 21 प्रकार की सामग्री, यूथ विंग लगातार चौथे साल करेगा सेवा

 


हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर हजारीबाग यूथ विंग की ओर से लगातार चौथे वर्ष विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आगामी 12 नवंबर को के.बी. सहाय मार्ग स्थित खजांची तालाब के निकट आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के पोस्टर का सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती ने अपने कार्यालय कक्ष में विधिवत लोकार्पण किया।

इस कार्यक्रम के तहत 301 छठव्रतियों को महज 11 रुपये में सूप, नारियल समेत 21 प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 9, 10 और 11 नवंबर को बड़ा बाजार चौक से कूपन का वितरण किया जाएगा। कूपन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे।

पोस्टर लोकार्पण के दौरान संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपायुक्त को अंगवस्त्र और पुष्प भेंट कर उनका अभिवादन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि छठ महापर्व जनआस्था, लोकसंस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। श्रद्धालुओं को मात्र 11 रुपये में पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की यह पहल सराहनीय है। इससे व्रतियों को सुविधा मिलेगी और समाजसेवा की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छठव्रती को पूजन सामग्री के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करता है।

वहीं, संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि लगातार चौथे वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन करना संस्था के लिए गौरव की बात है। हर साल श्रद्धालुओं की बढ़ती सहभागिता सदस्यों को समाजसेवा के लिए प्रेरित करती है। संस्था आगे भी सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों को जारी रखेगी।

गौरतलब है कि हजारीबाग यूथ विंग की ओर से समय-समय पर विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। छठ महापर्व पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम भी इसी पहल का हिस्सा है।

मौके पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, मार्गदर्शक संजय कुमार एवं डॉ. बी. वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण सिंह, मोहम्मद ताजुद्दीन, सनी देव, प्रवेक जैन, राजेश जैन, उदित तिवारी और विनय पांडे सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।