हजारीबाग। शहर के प्रसिद्ध खजांची तालाब के विकास को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने पहल की है। शुक्रवार सुबह तालाब परिसर पहुंचे सांसद ने स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की और सांसद निधि से 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने से संबंधित अनुशंसा पत्र उन्हें सौंपा। इस दौरान हजारीबाग के उपमहापौर अविनाश कुमार यादव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले सांसद मनीष जायसवाल ने तालाब के समीप स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद तालाब परिसर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। लोगों ने उपमहापौर अविनाश कुमार यादव का भी अभिनंदन किया।
तालाब परिसर में मंदिर के समीप स्थानीय लोगों की ओर से कराए जा रहे शेड निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए सांसद ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर जनसुविधाओं का विकास समाज के सामूहिक हित में है। स्थानीय लोगों की ओर से उपलब्ध जगह का उपयोग जनसुविधा के लिए करने की पहल सराहनीय है।
सांसद ने इसी क्रम में खजांची तालाब परिसर के विकास के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की अनुशंसा से संबंधित पत्र स्थानीय लोगों को सौंपा। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 6,000 वर्गफीट क्षेत्र में पेवर ब्लॉक बिछाने सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाने की योजना है। इससे तालाब परिसर में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। खजांची तालाब शहर का एक महत्वपूर्ण स्थल है। इसके आसपास बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
सांसद की इस पहल पर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताई और तालाब परिसर के विकास के लिए राशि की अनुशंसा किए जाने पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
