हजारीबाग। सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग की ओर से बुढ़वा महादेव मंदिर परिसर में शिवभक्तों के बीच दूध, बेलपत्र एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया। संस्था की ओर से पिछले पांच वर्षों से सावन की प्रत्येक सोमवारी पर लगातार सेवा कार्य किया जा रहा है। इस वर्ष भी सावन की सभी सोमवारी पर संस्था के सदस्यों ने मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सेवा की।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे शुरू हुआ सेवा अभियान पूर्वाह्न 11:25 बजे तक चला। रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। बारिश के बावजूद हजारीबाग यूथ विंग के सदस्य छाता और रेनकोट पहनकर सेवा कार्य में डटे रहे। श्रद्धालुओं में भी सेवा को लेकर उत्साह देखने को मिला।
एक शिवभक्त ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर कहा कि बारिश के बावजूद जिस तरह संस्था के सदस्य सुबह से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं, वह सराहनीय है। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में सहयोग और सेवा की भावना मजबूत होती है।
हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि सावन की सोमवारी भगवान शिव के प्रति आस्था और सेवा का पर्व है। संस्था पिछले पांच वर्षों से प्रत्येक सोमवारी पर शिवभक्तों की सेवा करती आ रही है। हमारा प्रयास है कि बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि बारिश के बीच भी शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। इसी आस्था को देखते हुए संस्था के सदस्य पूरे उत्साह के साथ सेवा में जुटे रहे। दूध, बेलपत्र और पूजन सामग्री का वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा करना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है।
मौके पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल, संजय कुमार, विकाश केशरी, कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण सिंह, वर्षा डे, कैलाश कुमार, सनी देव, रंजन चौधरी, विवेक तिवारी एवं अनुराग तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
