हजारीबाग। दारू प्रखंड अंतर्गत झुमरा बाजार में गुरुवार को नवीन प्रतिष्ठान ‘वीणा स्वीट्स’ का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतिष्ठान का उद्घाटन हजारीबाग के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल उर्फ बादल बाबू ने व्हीलचेयर पर बैठकर फीता काटकर किया। यह प्रतिष्ठान उनके सेवक निरंजन साव के सुपुत्र गोपाल कुमार साव द्वारा शुरू किया गया है।
उद्घाटन से पूर्व प्रतिष्ठान पहुंचे पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी एवं दारू प्रखंड सांसद प्रतिनिधि बलदेव बाबू का स्थानीय लोगों ने फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
‘वीणा स्वीट्स’ में ग्राहकों के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ स्नैक्स, साउथ इंडियन, चाइनीज एवं इंडियन फूड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ऐसे में यह प्रतिष्ठान झुमरा बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वादिष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान का नया विकल्प बनेगा।
इस अवसर पर ब्रजकिशोर जायसवाल ने कहा कि झुमरा बाजार हजारीबाग जिले ही नहीं, बल्कि जिले से बाहर भी अपने बड़े ग्रामीण हटिया बाजार के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे महत्वपूर्ण बाजार में गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों, स्नैक्स एवं विभिन्न प्रकार के भोजन का प्रतिष्ठान शुरू होना निश्चित रूप से अच्छी पहल है। उन्होंने संचालक गोपाल कुमार साव को शुभकामनाएं देते हुए प्रतिष्ठान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उद्घाटन समारोह में सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, दारू प्रखंड सांसद प्रतिनिधि बलदेव बाबू, स्थानीय जिला परिषद सदस्य गीता देवी, कांग्रेस नेता देवकुमार राज, भाजपा नेता विनोद राणा, समाजसेवी सोनू साव सहित संचालक परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कवालू पहुंचकर दिवंगत धर्मेंद्र सिंह के परिजनों से मिले ब्रजकिशोर जायसवाल
‘वीणा स्वीट्स’ के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद ब्रजकिशोर जायसवाल दारू प्रखंड के कवालू गांव पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता स्व. धर्मेंद्र सिंह के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा इस दुःख की घड़ी में परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
ब्रजकिशोर जायसवाल ने कहा कि धर्मेंद्र सिंह का आकस्मिक निधन क्षेत्र के भाजपा संगठन एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान बलदेव बाबू, उपेंद्र सिंह, बीरेंद्र कुमार यादव, अजय साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
