हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने रुक्मणी जिला पुस्तकालय का किया निरीक्षण

 


हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने 21 अगस्त को हजारीबाग स्थित रुक्मणी जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने उपायुक्त से हाई स्पीड इंटरनेट, प्रतियोगिता परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता दर्पण, खोरठा भाषा की पुस्तकें, गणित की फॉर्मूला बुक, मासिक पत्रिकाएं और अन्य उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग रखी।

उपायुक्त ने बताया कि रुक्मणी जिला पुस्तकालय के अतिरिक्त जिले में दो अन्य बड़े पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इन पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता और मांग के अनुरूप पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने पेयजल, शौचालय और मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी मांग रखी। उपायुक्त ने इन मांगों पर स्वीकृति देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

विद्यार्थियों ने पुस्तकालय की कुर्सियों की मजबूती को लेकर भी शिकायत की। उपायुक्त ने स्वयं कुर्सियों की जांच की और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रशासन का प्रयास है कि पुस्तकालयों में आवश्यक पुस्तकें, डिजिटल सुविधाएं और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन कर सकें।