हजारीबाग। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (विधेयक) 2026 के विरोध में सोमवार को हजारीबाग जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एक दिवसीय अनशन एवं विरोध-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस दौरान मुन्ना सिंह ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां से निकलने वाले कोयला, लौह अयस्क सहित अन्य खनिज संसाधनों पर झारखंड की जनता का पहला अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी कानून, जिससे राज्य के अधिकार और हित प्रभावित होते हैं, उसका कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
मुन्ना सिंह ने कहा कि खनिज संसाधनों के उपयोग और उससे होने वाले लाभ में झारखंड की जनता की प्राथमिक हिस्सेदारी होनी चाहिए। राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग झारखंड के विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय लोगों के हित में किया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से खान एवं खनिज (विधेयक) 2026 पर पुनर्विचार करने तथा झारखंड के हितों एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंड के अधिकारों और जनता के हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में जय प्रकाश भाई पटेल, निसार खान, रेनू देवी, परवेज अहमद, के.डी. सिंह, सरयू यादव, साजिद अली खान, संजय सिंह, दिलीप रवि, संगीता मेहता, बाबर अंसारी, जावेद इकबाल, रघु जायसवाल एवं विजय सिंह सहित हजारीबाग के कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुन्ना सिंह ने कहा कि “झारखंड का खनिज, झारखंड के काम आए” केवल नारा नहीं, बल्कि झारखंड के हक और अधिकार की आवाज है। उन्होंने कहा कि इस अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
