के.बी. महिला कॉलेज के छात्रावासों का डीसी ने किया निरीक्षण, नई हॉस्टल बिल्डिंग के निर्माण की योजना

 


उपायुक्त हेमन्त सती ने सोमवार को के.बी. महिला कॉलेज, हजारीबाग परिसर का भ्रमण कर कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए संचालित महिला छात्रावासों का निरीक्षण किया। कॉलेज परिसर में कुल 5 छात्रावास संचालित हैं, जिनमें करीब 65 छात्राएं रह रही हैं।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने किचन की खराब स्थिति, छत पर जलजमाव के कारण पानी रिसने, पेयजल, बर्तन, बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट की मरम्मत, शौचालय के गेट और पंखे सहित अन्य सुविधाओं की मांग रखी।

उपायुक्त ने स्वयं छात्रावास की छत का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं की मांगों पर आवश्यकतानुसार कार्यों की स्वीकृति देते हुए शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

छात्रावास की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध स्थान को देखते हुए उपायुक्त ने कॉलेज परिसर में नए छात्रावास भवन के निर्माण पर भी सहमति जताई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को स्थल एवं तकनीकी पहलुओं का आकलन कर आवश्यक योजना और प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधा के साथ सुरक्षित और अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।