सांसद मनीष जायसवाल ने पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में शुरू किया ‘नमो श्राद्ध राशन किट’ अभियान


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल जनसेवा और जनकल्याण की नई परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए एक और मानवीय पहल की शुरुआत की है। क्षेत्र के विकास के साथ-साथ हर जरूरतमंद परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनने वाले सांसद मनीष जायसवाल ने शनिवार को अपने पूर्व विधायक कार्यकाल में सफलतापूर्वक संचालित योजना का विस्तार करते हुए पूरे हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में "नमो श्राद्ध राशन किट" वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से श्राद्ध कर्म भोज के लिए आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद शोकाकुल परिवारों को कच्चा राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

होटल पैराडाइज रिसॉर्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं सांसद मनीष जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, पूर्व विधायक सह भाजपा हजारीबाग जिला संगठन प्रभारी किसुन दास, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. के.पी. शर्मा, भाजपा हजारीबाग जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला तथा भाजपा चतरा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से एक जरूरतमंद शोकाकुल परिवार को "नमो श्राद्ध राशन किट" भेंट कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि समाज के कई गरीब और जरूरतमंद परिवार श्राद्ध कर्म जैसे धार्मिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हैं। ऐसे परिवारों की पीड़ा को महसूस करते हुए इस योजना की शुरुआत की गई है, ताकि कठिन समय में उन्हें सहयोग मिल सके और दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक "नमो श्राद्ध राशन किट" में लगभग 150 लोगों के श्राद्ध भोज के लिए पर्याप्त कच्चा राशन उपलब्ध रहेगा। किट में चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल एवं आवश्यक मसाले शामिल हैं। इसके लिए विशेष रूप से तैयार पैकेट पर दिवंगत आत्मा के प्रति "विनम्र श्रद्धांजलि" भी अंकित की गई है, जिससे यह सहायता केवल राशन तक सीमित न रहकर संवेदना का भी प्रतीक बने।सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह योजना पिछले पांच वर्षों से सदर विधानसभा क्षेत्र में सफलतापूर्वक संचालित हो रही थी। अब इसका विस्तार पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में किया गया है, ताकि संसदीय क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद परिवार श्राद्ध कर्म के दौरान आर्थिक अभाव के कारण परेशान न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारा दायित्व केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। 'नमो श्राद्ध राशन किट' के माध्यम से हम जरूरतमंद परिवारों तक अपनी संवेदना और सहयोग दोनों पहुंचाना चाहते हैं।

यहां प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने सांसद मनीष जायसवाल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता की राजनीति में विश्वास करती है। सांसद मनीष जायसवाल ने जनप्रतिनिधि के रूप में जिस प्रकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया है, वह वास्तव में अनुकरणीय है। 'नमो श्राद्ध राशन किट' जैसी योजना केवल राशन वितरण नहीं, बल्कि शोक की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने का मानवीय संकल्प है। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग के साथ मानसिक संबल भी मिलेगा। मुझे विश्वास है कि यह अभियान पूरे हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सेवा का एक नया उदाहरण स्थापित करेगा और समाज में संवेदना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अन्य नेताओं ने भी सांसद मनीष जायसवाल की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सम्मानपूर्वक सहयोग प्रदान करने का सशक्त माध्यम बनेगा।

हर वर्ग का साथ, हर जरूरतमंद की चिंता और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित रहने की यही कार्यशैली सांसद मनीष जायसवाल को जनता के बीच विशेष पहचान दिलाती है।