हजारीबाग यूथ विंग का राहत अभियान शुरू, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों व जरूरतमंदों को बांटे जाएंगे रेनकोट

 


सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान संस्था द्वारा आगामी राहत अभियान की जानकारी दी गई, जिसके तहत बरसात के मौसम में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को रेनकोट उपलब्ध कराए जाएंगे।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक से औपचारिक मुलाकात कर सेवा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। सर्वप्रथम उन्हें भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने हजारीबाग यूथ विंग द्वारा निरंतर किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित और सेवा से जुड़े ऐसे अभियान समाज में सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने राहत अभियान की सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के प्रति सेवा भाव ही एक सशक्त एवं जागरूक समाज की पहचान है।  राहत अभियान के प्रथम चरण में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बारिश के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच रेनकोट का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद राहगीरों तथा श्रावणी मेले के दौरान बोल बम यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं के बीच भी रेनकोट वितरित किए जाएंगे, ताकि वर्षा के दौरान उन्हें राहत मिल सके। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों तक सहायता पहुंचाना है, जो हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी धूप, बारिश और अन्य चुनौतियों के बीच लगातार आमजन की सेवा करते हैं। ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान करना भी समाज की जिम्मेदारी है और यह अभियान उसी भावना का प्रतीक है। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग समय-समय पर जनकल्याणकारी एवं राहत अभियान संचालित करती रही है। बरसात के मौसम को देखते हुए रेनकोट वितरण कार्यक्रम की योजना बनाई गई है। आने वाले दिनों में जरूरतमंद राहगीरों, श्रावणी मेले के श्रद्धालुओं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के बीच भी राहत सामग्री का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा ही संस्था का संकल्प है और आगे भी समाजहित में ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। मौके पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, कार्यकारिणी सदस्य राजेश जैन, उदित तिवारी एवं आकाश जैन सहित संस्था के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।