हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की उपस्थिति में बड़कागांव थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी एवं सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ नए एवं पुराने लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में वर्ष 2025 से पूर्व तथा वर्तमान के सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक सोमवार थाना स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा संगठित अपराध से जुड़े लंबित एवं नए मामलों में त्वरित कार्रवाई, आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान तथा भूमि विवाद से संबंधित मामलों की थाना दिवस में समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार के माध्यम से अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
