शहर के इमली कोठी स्थित एचजेडबी आरोग्यम कुणाल महिला एवं बाल चिकित्सालय द्वारा रविवार को आयोजित नि:शुल्क महिला एवं बाल स्वास्थ्य शिविर में लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में 120 महिलाओं एवं 150 से अधिक बच्चों सहित कुल 270 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्राप्त किया।
शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा वर्मा एवं डॉ. एस. कुमारी ने महिलाओं की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। वहीं बाल रोग एवं नवजात शिशु विशेषज्ञ डॉ. डी. के. गुप्ता एवं डॉ. प्रकाश चंद्र ने बच्चों के पोषण, टीकाकरण, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा मौसमी बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य जांच कर अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।
इस दौरान चिकित्सकों ने महिलाओं एवं बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, स्वच्छता और समय पर बीमारी की पहचान के महत्व पर विशेष जोर दिया। जिन मरीजों को आगे जांच या उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं लेने की सलाह दी गई।
शिविर में शामिल सभी मरीजों को अस्पताल की ओर से सभी पैथोलॉजी जांचों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि स्वस्थ महिलाएं और स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना भी है।
अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच समाज के हर वर्ग तक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिविर में महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी अस्पताल के लिए प्रेरणादायक रही और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा।
.jpeg)