हजारीबाग, 15 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले "श्रद्धांजलि 2026" कार्यक्रम को लेकर बुधवार को शहीद स्मारक, हजारीबाग में हो एंटरटेनमेंट सांस्कृतिक टीम एवं भगवा ध्वज समिति की संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजक रोहित वर्मा ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम देश के वीर शहीदों को समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों के अदम्य साहस, त्याग एवं सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा। 25 जुलाई को हजारीबाग नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 26 जुलाई को शहीद स्मारक, हजारीबाग में हवन, श्रद्धांजलि सभा, रचनात्मक नृत्य प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शहीद परिवार सम्मान समारोह का आयोजन होगा। सम्मान समारोह में वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उनके अमूल्य योगदान और बलिदान के प्रति समाज की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
प्रेस वार्ता में हो एंटरटेनमेंट सांस्कृतिक टीम के रोहित वर्मा तथा भगवा ध्वज समिति के अध्यक्ष अनूप भाई ने कहा कि "श्रद्धांजलि 2026" केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने शहरवासियों, युवाओं, विद्यार्थियों और सभी सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में हो एंटरटेनमेंट सांस्कृतिक टीम की ओर से पवन, सौरभ, अख्तर, सनाया रॉय, प्रितिश, प्रियांश, भीम एवं कृष्णा उपस्थित रहे। वहीं भगवा ध्वज समिति की ओर से अध्यक्ष अनूप भाई, कोषाध्यक्ष अजित भास्कर, उपाध्यक्ष प्रदीप मेहता, केसर मलिक, प्रतिमा कुमारी, भवंति देवी, ममता देवी एवं बबीता देवी मौजूद रहीं।
आयोजकों ने कहा कि "श्रद्धांजलि 2026" समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर जोड़कर वीर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने वाला प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक आयोजन होगा।
