हजारीबाग, 18 मई 2026: फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड के तत्वावधान में सोमवार को हजारीबाग स्थित मुंद्रिका कुंज में विशाल राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में झारखंड के सभी 24 जिलों से जिला कमेटी, प्रखंड कमेटी एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) के हजारों प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में जन वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े डीलरों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद, प्रदेश महासचिव संजय कुण्डू सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए हजारीबाग जिला अध्यक्ष सह प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष नन्दू प्रसाद और जिला सचिव सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि यह सम्मेलन संगठन की मजबूती और डीलरों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
सम्मेलन स्थल से एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति सह 10 सूत्री मांग पत्र जारी किया गया, जिसमें राज्य के 25,439 डीलरों की जीविका और कार्य व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
डीलर एसोसिएशन की प्रमुख 10 मांगें
- प्रत्येक डीलर को दुकान किराया, बिजली बिल और सहायक मजदूरी के लिए ₹10,000 प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जाए।
- खाद्यान्न पर प्रति किलो ₹3 कमीशन बढ़ाया जाए और बकाया कमीशन का भुगतान अविलंब किया जाए।
- ‘अबुआ चिकित्सा योजना’ का लाभ डीलर परिवारों को देने के लिए विभागीय निर्देश जारी किए जाएं।
- सोयाबड़ी योजना, सरसों तेल योजना और मुख्यमंत्री दाल योजना को नियमित रूप से लागू किया जाए।
- सभी योजनाओं के राशन की समय पर और शुद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- माप-तौल विभाग द्वारा डीलरों की कथित प्रताड़ना पर रोक लगाकर लाइसेंस जारी किया जाए।
- ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद कागजी पंजियों से मुक्ति देने के लिए विभागीय ‘पेपरलेस आदेश’ जारी किया जाए।
- झारखंड कंट्रोल एक्ट 2024 के तहत लाइसेंस ट्रांसफर संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
- लगातार ठप रहने वाले सर्वर और नेटवर्क में सुधार कर एनआईसी में शिकायत कोषांग बनाया जाए।
- धोती, साड़ी और लुंगी योजना में ‘एक राज्य एक वितरण’ व्यवस्था लागू की जाए।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से निर्णय लेकर मांग पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, मुख्य सचिव और विभागीय सचिव को भेज दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद, प्रदेश महासचिव संजय कुण्डू और जिला अध्यक्ष नन्दू प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी महीने तक समस्याओं पर विचार नहीं किया गया, तो राज्य भर के डीलर चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

