जिले के विभिन्न प्रखंडों में गुरुवार को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) के अवसर पर व्यापक रूप से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एएनएम, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को गर्भ जांच, रक्त जांच, आयरन, फोलिक एसिड एवं कैल्सियम की दवाएं, टीटी टीकाकरण तथा पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया। साथ ही सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई।
बच्चों के लिए नियमित टीकाकरण, विकास की निगरानी, पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं प्रदान की गईं, जिससे उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
किशोरियों के लिए हीमोग्लोबिन जांच, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों का वितरण, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, मासिक धर्म स्वच्छता की जानकारी तथा कौशल एवं जीवन कौशल शिक्षा दी गई।
शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान की शुरुआत, शिशु देखभाल, नियमित टीकाकरण, विकास निगरानी तथा बीमारियों की जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस संबध में उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि वीएचएसएनडी कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना तथा कुपोषण एवं बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। इस दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
