पौता गांव की दर्दनाक घटना के बाद मुन्ना सिंह पीड़ित परिवारों से मिले, न्याय दिलाने का दिया भरोसा


हजारीबाग: विगत दिनों सदर प्रखंड अंतर्गत पौंता पंचायत के पौता गांव में हुई दर्दनाक घटना के बाद पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाते हुए न्याय की लड़ाई में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिया।

मंगलवार देर रात मुन्ना सिंह पौता गांव पहुंचकर उन परिवारों से मुलाकात की, जिन्होंने इस हृदयविदारक घटना में अपने घर के तीन चिराग—दो बेटियों और एक युवक—को खो दिया। इस घटना से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा हुआ है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों का दुःख साझा करते हुए कहा कि जवान बच्चों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा है।

मुन्ना सिंह ने परिजनों को आश्वस्त किया कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी आवाज हर मंच पर मजबूती से उठाई जाती रहेगी।

वहीं बुधवार को मुन्ना सिंह हजारीबाग के फ़िरदौस कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने मो. कमाल के आवास पर उनकी पुत्री स्वर्गीय सनिया प्रवीण के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पौता जंगल में हुई यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और इस कठिन समय में परिवार अकेला नहीं है।

इसके बाद उन्होंने कटकमदाग प्रखंड के सुल्ताना गांव पहुंचकर मोहम्मद समीम के आवास पर उनके पुत्र स्वर्गीय आदिल हसन के निधन पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना ही दिवंगत आत्माओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

अंत में उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की कामना की।