हजारीबाग: शहर के मालवीय मार्ग स्थित राणी सती मंदिर में कल से 28वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक और भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन बुधवार को प्रातः 9:00 बजे से भव्य मंगल पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान धनबाद के सुप्रसिद्ध भजन गायक नीरज सांवरिया अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
दूसरे दिन गुरुवार को प्रातः 5:00 बजे मंगला आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके पश्चात पाटा पूजन, दादी का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दर्शन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। संध्या बेला में 13 सुहागन महिलाओं द्वारा परंपरा के अनुसार भव्य महाआरती की जाएगी, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
पूरे आयोजन के दौरान दादी को छप्पन भोग एवं सवामणि अर्पित किया जाएगा। साथ ही भजन संध्या के माध्यम से श्रद्धालु दादी के चरणों में अपनी आस्था अर्पित करेंगे और भक्ति में लीन होकर इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष फतेहचंद मुनका ने बताया कि दादी की कृपा से पिछले 27 वर्षों से स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप में आयोजित होता आ रहा है। इस वर्ष 28वां स्थापना दिवस और भी अधिक श्रद्धा एवं अलौकिक वातावरण के साथ संपन्न होगा।
वहीं मंदिर कमेटी के सचिव रमेश टिबड़ेवाल ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दादी का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
