
हजारीबाग यूथ विंग द्वारा संचालित नारी शक्ति अभियान के प्रथम चरण के दूसरे दिन मिडिल स्कूल कोर्रा बॉयज में बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। इस दौरान किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बालिकाओं को बताया गया कि स्वच्छता के प्रति जागरूक रहकर कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। नारी शक्ति अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मजागरूकता के प्रति जागरूक बनाना है। संस्था द्वारा लगातार विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, ताकि समाज में सकारात्मक सोच के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा मिल सके। यह कार्यक्रम संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्था की कार्यकारिणी सदस्य सेजल सिंह, विद्यालय की शिक्षिका मोना नारायण, आशा कुमारी पासवान (एचएम) एवं बिमला मरांडी उपस्थित रहीं। सभी ने बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। यह अभियान निरंतर रूप से चलाया जाएगा तथा प्रथम चरण में 1500 पीस सेनेटरी पैड मंगाया गया है, जिसे विभिन्न विद्यालयों एवं जरूरतमंद बालिकाओं के बीच वितरित किया जाएगा। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाना आज की बड़ी आवश्यकता है। समाज में जागरूकता बढ़ेगी तभी स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव हो पाएगा। संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग केवल सामाजिक कार्य नहीं कर रहा, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। आने वाले दिनों में भी इस अभियान को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक रूप से चलाया जाएगा।