झारखंडी सिनेमा की बड़ी पेशकश “सेरेंग” बड़े पर्दे पर तैयार, प्रीमियर में दर्शक हुए भावुक


झारखंड की नागपुरी-खोरठा फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी और महत्वाकांक्षी फ़िल्म “सेरेंग” अब बड़े पर्दे पर रिलीज़ के लिए पूरी तरह तैयार है। मुंडा आदिवासी समाज और झारखंडी परिवेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फ़िल्म को झारखंड सिनेमा के लिए एक “कल्ट सिनेमा” के रूप में देखा जा रहा है। सालभर की कड़ी मेहनत, रिसर्च और लगातार एक महीने तक चली शूटिंग के बाद बनी इस बड़े बजट की फ़िल्म ने अपने प्रीमियर शो में ही दर्शकों को भावुक कर दिया। कई दर्शक फ़िल्म देखते हुए रो पड़े और इसकी संवेदनशील कहानी से गहराई से जुड़ते नज़र आए।

फ़िल्म का निर्माण आकाश यादव, रोशन रॉबर्ट कुजूर और यतीन्द्र मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी जमशेदपुर के वरिष्ठ लेखक जयनंदन ने लिखी है, जबकि पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी प्रसिद्ध फिल्मकार एनपीके पुरुषोत्तम ने निभाई है। खास बात यह है कि यह फ़िल्म नागपुरी, खोरठा, संथाली और हिंदी — कुल चार भाषाओं में बनाई गई है, जिससे झारखंड की सांस्कृतिक विविधता को बड़े स्तर पर दिखाने की कोशिश की गई है। फ़िल्म को U सेंसर सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे हर उम्र के दर्शक देख सकते हैं। दर्शक इस फ़िल्म का आनंद आइलेक्स सिनेमा में ले सकेंगे।

ठीक चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं एनपीके पुरुषोत्तम

फ़िल्म के निर्देशक एनपीके पुरुषोत्तम इस फ़िल्म की सबसे मजबूत कड़ी माने जा रहे हैं। सिमडेगा जिले से आने वाले इस युवा निर्देशक ने अपने जुनून, मेहनत और अलग सोच के दम पर “सेरेंग” जैसी बड़ी फ़िल्म को आकार दिया है। इससे पहले उनकी फ़िल्म “दहलीज़” मई 2022 में रिलीज़ हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था और जिसने सिनेमाघरों तक लोगों को खींचने का काम किया था। अब लगभग चार साल बाद एनपीके एक बार फिर बड़े स्तर पर दमदार वापसी करने जा रहे हैं।

विवेक नायक और नितेश कच्छप की अब तक की सबसे दमदार फ़िल्म

फ़िल्म में झारखंड के दो बड़े स्टार विवेक नायक और नितेश कच्छप मुख्य भूमिका में नज़र आएंगे। विवेक नायक ने “सेराज अंसारी” का किरदार निभाया है, जबकि नितेश कच्छप “संदीप मुंडा” की भूमिका में दिखाई देंगे। दोनों कलाकारों के अभिनय की प्रीमियर शो में जमकर सराहना हुई। दर्शकों का कहना है कि कई दृश्य इतने भावुक हैं कि थिएटर में लोग खुद को रोने से नहीं रोक पाए।

इसके अलावा काजल मुंडू ने आदिवासी नेता “जयमंगल बड़ाईक”, समीर सलीब मिंज ने “निरसा मुंडा” और सलोमी तिर्की ने “नगमा खातून” की भूमिका निभाई है। फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री श्वेता प्रजापति हैं, जिनके बारे में बताया जा रहा है कि वे जावेद अख्तर और शबाना आज़मी की छत्रछाया में कला की शिक्षा और अनुभव प्राप्त कर चुकी हैं।

झारखंडी संस्कृति, संघर्ष, पहचान और भावनाओं को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली “सेरेंग” को लेकर दर्शकों में अभी से काफी उत्साह देखा जा रहा है।