हज़ारीबाग पुलिस ने लोहसिंघना थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए पीतल के बर्तन सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 15.05.26 की रात्रि लोहसिंघना थाना अंतर्गत ग्राम मंडई में अज्ञात चोरों द्वारा एक घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 55/26 दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हज़ारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हज़ारीबाग के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का उद्भेदन कर सभी 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फरीद आलम उर्फ भोपट, निशांत हुसैन उर्फ निशु, तालिब खान तथा अब्बू ओबेदा शामिल हैं। सभी आरोपी हज़ारीबाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पीतल का परात, पीतल का पांच दिया, पीतल का दिया, कटोरा, कड़ाही, डेकची, लोटा, ग्लास एवं बाल्टी सहित ड्रिल मशीन और कटर मशीन बरामद किया है।
छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हज़ारीबाग, थाना प्रभारी लोहसिंघना, ओपी प्रभारी पेलावल, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी तथा लोहसिंघना थाना सशस्त्र बल शामिल रहे।
