हजारीबाग में जननी स्वास्थ्य मेला: 107 से अधिक महिलाओं ने उठाया निःशुल्क जांच शिविर का लाभ


हजारीबाग: 
शहर के रविन्द्र पथ स्थित संत कोलम्बस मिशन हॉस्पिटल में बुधवार को महिलाओं के लिए जननी स्वास्थ्य मेला के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया। साथ ही मुफ्त दवा, बीपी जांच, नेत्र जांच, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा अन्य आवश्यक जांचों पर भी विशेष छूट दी गई, जिससे महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कुल 107 से अधिक महिलाओं ने इस शिविर का लाभ उठाया।

शिविर के सफल आयोजन में अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संत कोलम्बस मिशन हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर प्रवीण श्रीनिवास ने बताया कि इस तरह के शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच के माध्यम से गंभीर बीमारियों की रोकथाम करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी शिविरों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

मौके पर डॉक्टर अमृता कुमारी, डॉक्टर शिखा खंडेलवाल, डॉक्टर मिताली सोरेन, डॉक्टर राहुल रंजन, डॉक्टर एएन सिंह, डॉक्टर एम सरन, डॉक्टर आर के अग्रवाल, डॉक्टर जे के आर्य सहित अस्पताल प्रबंधन एवं कई स्वास्थ्यकर्मियों ने सराहनीय योगदान दिया।