जिले में पेयजल की समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार जिले में जल संकट के निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला स्तर पर संचालित “नीर वीर व्हाट्सएप चैटबॉट” के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस पहल के माध्यम से आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान भी किया जा रहा है तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रयास किए जा रहे है।
चौपारण प्रखंड के ताजपुर पंचायत के आदिवासी बहुल क्षेत्र में बोरिंग कर तत्काल लगा हैंडपंप, इसी क्रम में चौपारण प्रखंड के आदिवासी बहुल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र ताजपुर पंचायत से विभिन्न माध्यमों से प्राप्त पेयजल समस्या की सूचना पर जिला प्रशासन द्वारा महज 48 घंटों के अंदर बोरिंग कार्य को सम्पन्न करा कर तत्काल चापानल का अधिष्ठापन कार्य को भी पूर्ण कर लिया। इस क्षेत्र में आदिवासी ग्रामीण पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे,अब स्थानीय ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
जिला प्रशासन पेयजल से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास कर रहा है।
उपायुक्त ने नागरिकों से “नीर वीर व्हाट्सएप चैटबॉट” के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करने की अपील की है ताकि उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
