विष्णुगढ़ के बनासो बुध बाजार में भीषण आंधी तूफान का कहर, बिजली पोल गिरने से महिला की दर्दनाक मौत


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो बुध बाजार में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने एक गरीब परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। हाट-बाजार में अपनी आजीविका चलाने के लिए सब्जी बेच रही ग्राम बकसपुरा निवासी सोहगी देवी (पति- गन्दौरी महतो) पर बिजली का पोल अचानक गिर गया, जिससे मौके पर ही उनकी अत्यंत दुखद और असामयिक मृत्यु हो गई।

इस मर्मांतक घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि एक मेहनतकश महिला का इस तरह चले जाना समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

सांसद मनीष जायसवाल ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल प्राकृतिक आपदा है, बल्कि बुनियादी ढांचे की मजबूती पर भी सवाल खड़े करती है। बिजली विभाग, हजारीबाग अविलंब पीड़ित परिवार से संपर्क करे और उन्हें उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा प्रदान करे। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।

सांसद मनीष जायसवाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार ने अपना सहारा खोया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती, लेकिन आर्थिक मदद उनके भविष्य के लिए जरूरी है।