हजारीबाग यूथ विंग द्वारा 13 अप्रैल को आयोजित होने वाले भव्य रक्तदान शिविर को लेकर शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया।
यह रक्तदान शिविर 13 अप्रैल, सोमवार को सुबह 9:00 बजे से हजारीबाग शहर के लक्ष्मी सिनेमा हॉल सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया तथा रेड क्रॉस सोसाइटी झारखंड के उपसभापति तनवीर सिंह मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया और निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान जानकारी दी गई कि इस वर्ष 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। वर्ष 2024 में 130 यूनिट और 2025 में 221 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था।
हजारीबाग में रक्त की कमी को देखते हुए इस बार शिविर का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। रक्त संग्रह का कार्य रेड क्रॉस सोसाइटी और सदर अस्पताल के सहयोग से किया जाएगा। साथ ही सभी रक्तदाताओं को उपहार स्वरूप हेलमेट भी दिया जाएगा।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम समाज को नई दिशा देते हैं। रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है और समाज में सेवा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का प्रयास करने की बात कही।
संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि रक्त की कमी को देखते हुए हर साल शिविर का आयोजन किया जाता है और इस बार बेहतर व्यवस्था के साथ इसे सफल बनाने की तैयारी की गई है। वहीं अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय है और इस बार 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य हासिल करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
