
हजारीबाग यूथ विंग द्वारा 13 अप्रैल दिन सोमवार को शहर के लक्ष्मी सिनेमा हॉल सभागार में आयोजित होने वाले भव्य रक्तदान शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संस्था की ओर से यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बताया जा रहा है, जिसे लेकर अंतिम चरण में बारीकी से निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है।संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का जायजा लिया, ताकि रक्तदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर में रक्तदान के लिए कुल 25 बेड एवं चेयर की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग सहज रूप से रक्तदान कर सकें। इस बार शिविर को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए संस्था द्वारा 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महाअभियान में हजारीबाग पुलिस विभाग का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है, वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी एवं सदर अस्पताल की टीम के द्वारा रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। आयोजकों के अनुसार, यह समन्वय शिविर को और अधिक सफल और व्यवस्थित बनाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। शिविर स्थल पर रक्तदाताओं की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं। इसके साथ ही रिफ्रेशमेंट काउंटर, हेलमेट वितरण काउंटर, रेस्ट एरिया और विजिटर एरिया की भी समुचित व्यवस्था की गई है। विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल पर एक आकर्षक सेल्फी स्टैंड भी लगाया जा रहा है, ताकि रक्तदाता अपने इस सेवा कार्य के पल को यादगार बना सकें और समाज को प्रेरित करने के लिए अपनी तस्वीरें साझा कर सकें। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अब रक्तदाताओं का इंतजार है। इस अवसर पर सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी सहित कई गणमान्य लोगों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को सम्मान स्वरूप एक हेलमेट प्रदान किया जाएगा। साथ ही संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं रक्त संग्रह टीम द्वारा प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। संस्था संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। हजारीबाग के लोग हमेशा सेवा कार्यों में आगे रहे हैं, हमें विश्वास है कि इस शिविर में भी बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। संस्था अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हमारी पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है। सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और हमारा प्रयास है कि रक्तदाताओं को एक बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सहज रूप से रक्तदान कर सकें निरीक्षण के क्रम में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन,सचिव रितेश खण्डेलवाल, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया,संस्था के मार्गदर्शक विकास केसरी, संजय कुमार, डॉ. बी. वेंकटेश, कार्यक्रम के सहसंयोजक कुश पांडे साथ ही कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,विवेक तिवारी,अजीत चंद्रवंशी,प्रणीत जैन,प्रज्ञा कुमारी खुशी कुमारी,राजेश जैन,चंदन सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।