आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित


हजारीबाग : उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार जाजनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा संचालित ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ के अंतर्गत मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

“आदि कर्मयोगी अभियान” का उद्देश्य पूरे भारत में अनुसूचित जनजातीय आबादी का सर्वांगीण विकास एवं कल्याण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि जनजातीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु यह अभियान एक नई पहल है। इसके माध्यम से आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिले के कुल 76 गांवों के जनजातीय नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम में “आदि सेवा केन्द्र” का निर्माण किया जाएगा, जिसे “वन-स्टॉप सेवा केंद्र” के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केन्द्रों पर विभागीय संपर्क विवरण, योजनाओं की जानकारी एवं शिकायत निवारण रजिस्टर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। साथ ही, ग्राम विकास, अधोसंरचना एवं बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति हेतु अभिसरण के माध्यम से ग्राम विकास योजना भी तैयार की जाएगी।

अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन तंत्र को मजबूत बनाना है। इसके लिए प्रशिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रशिक्षण अनुभव को जमीनी स्तर तक पहुँचाकर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

इस अभियान के अंतर्गत आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी की भूमिका के माध्यम से जनजातीय गांवों में विभिन्न योजनाओं में क्रिटिकल गैप को चिन्हांकित कर योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी लोगों को आदिवासी एवं जनजातीय समाज के विकास में अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद उपाध्यक्ष, डीएसओ, डीडब्ल्यूएसओ, डीईओ सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।