गिद्दी में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़, दो आरोपी गोली लगने से घायल


हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सक्रिय सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब ढाई बजे सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सक्रिय सदस्य गिद्दी थाना क्षेत्र के कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया और पुलिस टीम ने गिद्दी-भुरकुंडा रोड स्थित पुराना कांटा घर के पास जांच और चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान करीब 3:50 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध भुरकुंडा की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सुरक्षित आड़ लेकर उन्हें कई बार हथियार डालकर सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी फायरिंग करते रहे।

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग में दो आरोपी घायल हो गए। एक आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के पास और दूसरे के बाएं पैर में एड़ी के ऊपर गोली लगी। वहीं तीसरा आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में की है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस के अनुसार, गैंग के निर्देश पर उन्हें गिद्दी थाना क्षेत्र में लेवी वसूली के उद्देश्य से भय और दहशत का माहौल बनाने के लिए भेजा गया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो देशी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां, एक मिस फायर गोली, दो मोबाइल फोन और तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। बरामद पर्चों में राहुल दुबे के नाम का पर्चा भी बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का उद्देश्य कोयला खनन क्षेत्र और ट्रांसपोर्टिंग रोड पर चलने वाले हाईवा वाहनों में फायरिंग कर भय का माहौल बनाना और लेवी वसूलना था। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।