हजारीबाग यूथ विंग द्वारा गुरु अर्जुन देव जी महाराज की 350वीं शहीदी दिवस शोभायात्रा का किया गया भव्य स्वागत


हजारीबाग - सिख गुरु अर्जुन देव जी महाराज के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकली भव्य शोभायात्रा घुबरी (असम) से प्रारंभ होकर देश के 21 राज्यों से गुजरते हुए अमृतसर तक पहुँचेगी। इस ऐतिहासिक यात्रा का उद्देश्य गुरु महाराज के बलिदान, उनके उपदेश और मानवता व सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। इसी क्रम में गुरुवार को हजारीबाग शहर में शोभायात्रा का भव्य आगमन हुआ। शहरवासी बड़ी संख्या में इस आध्यात्मिक यात्रा के साक्षी बने। हजारीबाग यूथ विंग संस्था ने गुरुगोविंद सिंह रोड स्थित अनजाना एंटरप्राइजेज के समीप गुरु की पावन पालकी पर माल्यार्पण एवं पुष्पवर्षा कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। साथ ही यात्रा में शामिल संगत का पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी महाराज का जीवन सत्य, करुणा और त्याग का अद्वितीय संदेश देता है। यह शोभायात्रा न केवल सिख समाज के लिए, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। हजारीबाग यूथ विंग को गर्व है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर गुरु महाराज की पालकी की सेवा और संगत का स्वागत करने का सौभाग्य मिला। संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगत और श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन किया तथा शहरवासियों को गुरु महाराज के उपदेशों को आत्मसात करने का संदेश दिया। मौके पर सचिव रितेश खण्डेलवाल,कार्यक्रम संयोजक जय प्रकाश खण्डेलवाल, संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,रोहित बजाज,प्रमोद खण्डेलवाल,अजीत चंद्रवंशी,उदित तिवारी, सिद्धार्थ खण्डेलवाल, सासंद मनीष जायसवाल के सांसद सह प्रतिनिधि विनोद झुनझुनवाला सहित कई लोग मौजूद रहें।