हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की नई ELISA मशीन फिर खराब, थैलेसीमिया मरीजों की बढ़ी चिंता


 शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में स्थापित नई एलिजा (ELISA) मशीन एक बार फिर खराब हो गई है। मशीन में तकनीकी खराबी आने से रक्त की जरूरी जांच प्रभावित होने की खबर है। इससे हजारीबाग के अलावा चतरा, कोडरमा और गिरिडीह समेत आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। खासकर नियमित रूप से रक्त चढ़ाने वाले थैलेसीमिया मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

गौरतलब है कि बीते सितंबर महीने में ब्लड बैंक की पुरानी एलिजा मशीन को जानबूझकर खराब किए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद काफी प्रयासों के बाद नई मशीन स्थापित कराई गई थी, ताकि रक्त की आवश्यक जांच नियमित रूप से हो सके। लेकिन नई मशीन के भी खराब होने से अस्पताल की जांच व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ब्लड बैंक पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. राजकिशोर और हॉस्पिटल मैनेजर आशुतोष झा से मुलाकात कर मशीन की स्थिति की जानकारी ली और जल्द मरम्मत कराने का आग्रह किया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से मशीन को जल्द दुरुस्त कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया गया है।

रंजन चौधरी ने बताया कि इस मामले से सांसद मनीष जायसवाल को भी अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक की जांच व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए मशीन की तत्काल मरम्मत के साथ भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए भी ठोस व्यवस्था जरूरी है।