हजारीबाग के जुलजुल पहाड़ी की मनोरम वादियों में स्थित पिंजरापोल गौशाला परिसर में आयोजित भव्य गौपूजन सह गोपाष्टमी मेले में श्रद्धा, भक्ति और गौसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी शामिल हुए।
मेले के दौरान रंजन चौधरी ने गौशाला परिसर में अपने हाथों से गौवंशों को हरा चारा, गुड़ और रोटी खिलाकर गौसेवा की। उन्होंने परिसर में स्थित दुर्लभ एवं पौराणिक मान्यताओं से जुड़े कल्पतरु वृक्ष के समक्ष नमन कर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।
इस अवसर पर गौशाला परिवार एवं मेला आयोजन समिति की ओर से रंजन चौधरी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं, आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य कौटिल्य ने उन्हें पुस्तक भेंटकर अभिनंदन किया। सम्मान के प्रति आभार जताते हुए रंजन चौधरी ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, संवेदना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का भाव है।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन शामिल हुए। दिनभर श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी एवं महाभोग का वितरण किया गया। वहीं, आर्य कन्या विद्यालय की छात्राओं, संस्कार भारती के कलाकारों और तरंग ग्रुप की ओर से नशामुक्ति पर आधारित लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई, जिसने लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन का मुख्य आकर्षण संध्या महाआरती रही। धार्मिक आस्था, सामाजिक जागरूकता और गौसेवा के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह गोपाष्टमी मेला श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया।
