हजारीबाग में श्याम भक्ति की बही अविरल धारा, भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु

 


कार्तिक माह की भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हजारीबाग में प्रभु श्री श्याम का पाटोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के बिहार दुर्गा स्थान के समीप निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार की देर शाम भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाबा का अलौकिक श्रृंगार, ज्योत, छप्पन भोग और भजन-कीर्तन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। गुलाबी ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और भजन संध्या में शामिल होने पहुंचे। देर रात तक मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु श्री श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। यजमान के रूप में आलोक खेतान एवं उनकी धर्मपत्नी ममता खेतान ने बाबा की पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की। इसके बाद बाबा की ज्योत प्रज्वलित की गई, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर अपनी श्रद्धा निवेदित की।

पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार के सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद भव्य भजन संध्या में कोलकाता से पहुंचे रोशन शर्मा और हजारीबाग के वीरेंद्र गर्ग उर्फ बिट्टू बिहारी ने अपनी मधुर आवाज से समां बांध दिया।

दोनों भजन गायकों ने बाबा श्याम की महिमा से जुड़े एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा', 'कीर्तन की है रात', 'बाबा आज थाने आनो है' और 'श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम' जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए। भक्ति संगीत और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।

पाटोत्सव के अवसर पर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। वहीं रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सजावट और रोशनी से सजा बाबा का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। बाबा के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।

इस भव्य आयोजन की तैयारी में श्री श्याम सेवा मंडल रजि., हजारीबाग के सदस्य पिछले 15 दिनों से लगातार जुटे हुए थे। मंदिर की सजावट से लेकर श्रद्धालुओं की व्यवस्था और कार्यक्रम के संचालन तक मंडल के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान भजन गायक रोशन शर्मा और वीरेंद्र गर्ग उर्फ बिट्टू बिहारी को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं म्यूजिशियन गायत्री प्रसाद को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान दिया गया।

इस दौरान श्रद्धालुओं को निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर के कार्यों और बाबा के शीघ्र आगमन को लेकर भी जानकारी दी गई। मंदिर निर्माण को लेकर भक्तों में खासा उत्साह और प्रतीक्षा देखने को मिली। अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

कुल मिलाकर, प्रभु श्री श्याम का यह पाटोत्सव हजारीबाग में भक्ति, श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता का यादगार उदाहरण बना। देर रात तक भक्त बाबा की भक्ति में लीन रहे।