विष्णुगढ़ में उपायुक्त का जनता दरबार, सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

 


हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार, 21 नवंबर को उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे और जमीन विवाद, पेंशन, म्यूटेशन, मंईयां सम्मान योजना समेत विभिन्न जनहित से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।

उपायुक्त ने एक-एक कर फरियादियों से आवेदन प्राप्त किए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

दरअसल, विष्णुगढ़ प्रखंड जिला मुख्यालय से काफी दूर है। ऐसे में ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हजारीबाग आने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसी परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने विष्णुगढ़ में ही जनता दरबार आयोजित किया, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर प्रशासन से सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिल सके।

इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। उपायुक्त ने सभी स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभागीय सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल का वितरण भी किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को पोषण किट दी गई।

जनता दरबार में पहुंचे दिव्यांग नागरिकों ने उपायुक्त से ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर उपायुक्त ने उनके आवेदन प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया जाए। शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी विष्णुगढ़, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।