लोयोला विद्यालय में तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल बना विजेता

 


हजारीबाग के रोला स्थित लोयोला विद्यालय में सेवा दर्पण की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों के 144 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल, सलगावां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि लोयोला अकादमी, हजारीबाग की टीम उपविजेता रही।

समापन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन के निर्देश पर संस्था के उपाध्यक्ष विकास तिवारी और सचिव रितेश खण्डेलवाल अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान विकास तिवारी ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकजुटता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। वहीं, रितेश खण्डेलवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम हैं।

आयोजक सेवा दर्पण की ओर से दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल, रणनीति और टीम भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में जय अक्षय, शिव कुमार, मोहित, मनोहर, मुन्ना कुमार, सुनील कुमार, तपस रॉय, रोहित बजाज, अंशु कुमार, नसीम, हर्ष सहित सेवा दर्पण के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी खेल और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।