हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को चरही थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही थाना के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक चुरचू अंचल विद्यावती ओहदार और चरही थाना प्रभारी पु0अ0नि0 अजीत कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना में रखी अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से संबंधित संचिकाओं का जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों, वारंट और कुर्की के मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और नशे के खिलाफ आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा अवैध बालू, कोयला और अन्य प्रकार की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।
उन्होंने संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके निष्पादन तथा क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के अनुसंधान और निष्पादन में तेजी लाते हुए अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दें।
