देवउठनी एकादशी पर हजारीबाग में मनेगा बाबा श्याम का जन्मोत्सव, कोलकाता के भजन गायक रोशन शर्मा करेंगे भजनों की प्रस्तुति

 


हजारीबाग में कार्तिक माह के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी के अवसर पर प्रभु श्री श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। यह आयोजन बिहारी दुर्गा स्थान के निकट मालवीय मार्ग स्थित निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर परिसर में होगा।

श्री श्याम सेवा मंडल (रजि.), हजारीबाग की ओर से आयोजित इस जन्मोत्सव में बाबा श्याम का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर में दिव्य ज्योत प्रज्वलित होगी और बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य भजन संध्या और प्रसाद वितरण का भी आयोजन होगा।

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण कोलकाता से पहुंच रहे प्रसिद्ध भजन गायक रोशन शर्मा होंगे। वहीं हजारीबाग के स्थानीय भजन गायक वीरेंद्र गर्ग उर्फ बिट्टू बिहारी भी अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे। दोनों कलाकार बाबा श्याम के भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 6:30 बजे होगा और आयोजन बाबा श्याम की इच्छा तक जारी रहेगा। मंदिर निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। ऐसे में निर्माणाधीन मंदिर परिसर में बाबा का जन्मोत्सव श्याम भक्तों के लिए विशेष धार्मिक उत्साह का अवसर होगा।

श्री श्याम सेवा मंडल के सदस्यों ने हजारीबाग सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी धर्मप्रेमियों और श्याम भक्तों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद लेने की अपील की है।