हजारीबाग को बाल विवाह मुक्त बनाने की पहल, 100 दिवसीय जागरूकता अभियान को लेकर जिला स्तरीय बैठक

 


हजारीबाग: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से हजारीबाग जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने की पहल शुरू की है। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय जागरूकता अभियान के सफल संचालन को लेकर शनिवार को जिला समाहरणालय, हजारीबाग में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने की। इसका आयोजन मिशन वात्सल्य के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई (सामाजिक सुरक्षा), हजारीबाग की ओर से किया गया। बैठक में बाल विवाह के कारणों, दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है। इसका असर उनके स्वास्थ्य, मानसिक विकास और भविष्य पर भी पड़ता है। वहीं, कम उम्र में लड़कों पर भी पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का अतिरिक्त बोझ आ जाता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधक है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

बैठक में जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने 100 दिवसीय अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

इस दौरान जन सेवा परिषद, ब्रेकथ्रू, प्रयास, प्लान इंडिया, जन जागरण केंद्र सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव रखे। बैठक में कुल 17 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में कुल 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बैठक के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत और बाल विवाह मुक्त हजारीबाग बनाने की सामूहिक शपथ ली तथा अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।