हजारीबाग के बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से लगातार दूसरी बार शुक्रवार को पूजा पंडाल के समीप भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। माता रानी की आरती के बाद शुरू हुए इस कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों ने भक्ति गीतों की धुन पर डांडिया नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम रात करीब साढ़े दस बजे तक चला।
उत्सव का उद्घाटन महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव, सचिव दीप नारायण निषाद, कोषाध्यक्ष बाल गोविंद निषाद, वार्ड 14 की पार्षद प्रभा गुप्ता और वार्ड 15 की पार्षद अंशिका प्रिया ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर हजारीबाग एसडीपीओ रूपक सिंह समेत विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसडीपीओ ने आयोजन की सराहना करते हुए महासमिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी। पुलिस पदाधिकारियों ने भी महिलाओं के साथ डांडिया नृत्य में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ समूह नृत्य के लिए भी सम्मानित किया गया। करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शानदार प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। महासमिति ने उन्हें मंच पर सम्मानित किया। वहीं, पांच वर्षीय आर्मी कुमारी का भी उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में नीतिका की टीम और महासमिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही। मंच संचालन महासमिति के महासचिव प्रमोद खंडेलवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी संस्थानों का भी योगदान रहा। महासमिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
