हजारीबाग: दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए हजारीबाग पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने शहरी थाना क्षेत्र के अलावा बड़कागांव थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और पूजा पंडाल समितियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पूजा पंडालों और उनके आसपास 200 मीटर तक सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने पूजा पंडालों में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात रखने का निर्देश दिया।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए सभी पूजा पंडालों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में 25 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाए जाएंगे। वहीं, आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित तालाबों में गोताखोरों की व्यवस्था करने और रस्सी व ट्यूब उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ का बेहतर प्रबंधन करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने पूजा समितियों से भी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
