हजारीबाग: दशहरा-2026 के दौरान डांडिया और गरबा आयोजनों में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने पहल की है। उनके निर्देश पर सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मुलाकात की और उन्हें पत्र सौंपकर महिला सुरक्षा, यातायात नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरतने की मांग की। इस दौरान दुर्गा पूजा पंडालों और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
सौंपे गए पत्र में प्रमुख आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, शहर के चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराकर निगरानी बढ़ाने, छेड़छाड़ और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने तथा पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि डांडिया और गरबा जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं, बच्चों और परिवारों की बड़ी भागीदारी होती है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि सभी कार्यक्रम सुरक्षित, शांतिपूर्ण और मर्यादित माहौल में संपन्न हो सकें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और डांडिया नाइट के दौरान शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोताही नहीं होने देने की बात कही।
रंजन चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हजारीबाग में भी गरबा और डांडिया आयोजनों के प्रति लोगों का उत्साह बढ़ा है। मां दुर्गा की आराधना से जुड़े इस पावन पर्व की पवित्रता, मर्यादा और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने आयोजन समितियों, कार्यक्रमों की अनुमति देने वाले संबंधित अधिकारियों और इनमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि गरबा-डांडिया आयोजनों की आड़ में किसी भी प्रकार की फूहड़ता, अभद्रता या अशोभनीय गतिविधि को बढ़ावा न मिले। मां भगवती की आराधना के इस पावन पर्व की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी को सजग और जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।
