पत्रकार गणेश कुमार के निधन पर प्रेस क्लब हजारीबाग में शोकसभा, दी गई श्रद्धांजलि

 


हजारीबाग। केरेडारी के पत्रकार गणेश कुमार के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। मंगलवार को झील रोड स्थित प्रेस क्लब हजारीबाग परिसर में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शोकसभा में प्रेस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष उमेश प्रताप, सचिव मिथिलेश मिश्र, संयुक्त सचिव देवनारायण, कार्यकारिणी सदस्य मो. शमीम अहमद, बब्लू कुमार और प्रमोद खंडेलवाल, आमंत्रित सदस्य जयनारायण, मो. आरिफ, अनिल कुमार सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

इस दौरान पत्रकारों ने दिवंगत गणेश कुमार के योगदान को याद करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

प्रेस क्लब हजारीबाग के अध्यक्ष उमेश प्रताप ने कहा कि गणेश कुमार का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके कार्य, अनुभव और साथी पत्रकारों के प्रति आत्मीय व्यवहार को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रेस क्लब हजारीबाग परिवार के साथ खड़ा रहेगा।

गणेश कुमार अपने अनुभव, स्नेहपूर्ण व्यवहार और मार्गदर्शन के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है।