हजारीबाग में अवैध ईंट भट्ठों पर प्रशासन की कार्रवाई, कई भट्ठे ध्वस्त

 


हजारीबाग: जिले में अवैध खनन और अवैध ईंट भट्ठों के संचालन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक में लिए गए निर्णय और उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश के बाद बड़कागांव प्रखंड के मोइत्रा-अम्बाजीत, गोंडलपुरा और रुद्दी क्षेत्र में संचालित अवैध ईंट भट्ठों को ध्वस्त किया गया।

यह कार्रवाई बड़कागांव के अंचल अधिकारी मनोज कुमार और थाना प्रभारी दीपक सिंह के नेतृत्व में की गई। प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और खनन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त हेमन्त सती ने संबंधित अधिकारियों को जिले में अवैध खनन और अवैध ईंट भट्ठों के संचालन पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन और इससे जुड़ी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।